बप्पी लाहिड़ी जैसे दिग्गज का यूं अचानक चले जाना बेहद दुखद है। वो भी ऐसे वक्त जब देश ने अपना एक और अनमोल रत्न लता मंगेशकर को खो दिया है। मंगलवार रात बप्पी लाहिड़ी की तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की पर नाकामयाब रहे। बप्पी लाहिड़ी पिछले कुछ समय से बीमार थे। बप्पी दा के निधन पर सितारे भी गमगीन हैं। अजय देवगन ने बप्पी दा को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा ‘बप्पी दा बहुत ही प्यारे इंसान थे। पर उनके संगीत में एक धार थी। उन्होंने चलते चलते, सुरक्षा और डिस्को डांसर जैसे हिंदी फिल्म के म्यूजिक में एक अलग ही कंटेपररी स्टाइल को इंट्रोड्यूस किया। शांति दादा, आप बहुत याद आएंगे.’
क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी बप्पी दा को श्रद्धांजलि दी है। उन्हें पिछले साल से ही अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ रहा था। गत वर्ष जब सिंगर में कोरोना के हल्के लक्षण नजर आए थे, तब भी उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉक्टर्स की निगरानी में थे।
बप्पी दा का असली नाम आलोकेश लाहिड़ी है। उन्होंने 70-80 के दशक में बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक आइकॉनिक गाने दिए हैं। म्यूजिक लेजेंड बप्पी लाहिड़ी ने 1973 में हिंदी फिल्म ‘नन्हा शिकारी’ में अपना पहला म्यूजिक स्कोर दिया था। हालांकि बीते साल उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि किशोर कुमार की फिल्म बढ़ती का नाम दाढ़ी से उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया है।
2020 में बागी 3 का गाना बंकस बॉलीवुड में आखिरी गाना था। मिथुन चक्रवर्ती का गाना आई एम ए डिस्को डांसर आज भी लोगों को जुबानी याद है। वो बप्पी दा ही थे जिनकी आवाज ने इस गाने को घर-घर पॉपुलर किया था। बाद में बप्पी दा को डिस्को किंग के नाम से जाना जाने लगा।